
प्रो कबड्डी लीग (PKL) 2025 का रोमांच शुरू होने को है। जैसे-जैसे सीजन 12 का आगाज़ नज़दीक आ रहा है, वैसे-वैसे खिलाड़ियों की कीमत, टीमों की रणनीति और नीलामी के चर्चे गर्म होते जा रहे हैं। विदेशी खिलाड़ियों की ऊंची कीमतों के बीच एक भारतीय रेडर ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है, और वो नाम है देवांक दलाल।
पिछले सीजन (PKL 11) में देवांक दलाल ने शानदार प्रदर्शन किया और 301 रेड पॉइंट्स हासिल कर बेस्ट रेडर बने। इसके साथ ही उन्होंने पटना पाइरेट्स के लिए खेलते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उनकी इस कामयाबी के चलते इस सीजन में वे देश के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
PKL 12 में ₹2.205 करोड़ में बिके देवांक दलाल बने सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी
बंगाल वॉरियर्स ने इस सीजन (प्रो कबड्डी लीग 2025) की नीलामी में देवांक दलाल को ₹2.205 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है। इस तरह देवांक इस सीजन के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
उनके लिए नीलामी में कई टीमों ने जोरदार बोली लगाई, लेकिन अंततः बंगाल वॉरियर्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ने में सफलता पाई। इससे साफ है कि फ्रेंचाइज़ियां उनकी रेडिंग स्किल्स और मैच फिनिशिंग काबिलियत पर बड़ा दांव खेलना चाहती हैं।
हालांकि देवांक PKL 12 के सबसे एक्सपेंसिव प्लेयर नहीं है, विदेशी खिलाड़ी ‘मोहम्मदरेज़ा शादलोई‘ 2025 सीजन के सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी है, जिन्हे गुजरात जायंट्स ने ₹2.23 करोड़ में खरीदा है। इसके साथ ही पवन सहरावत ( ₹2.605 करोड) इस लीग के इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर है।
देवांक दलाल: तेजी से उभरता रेडिंग सुपरस्टार
देवांक दलाल ने 2022 में प्रो कबड्डी लीग सीजन 9 में जयपुर पिंक पैंथर्स के साथ इस लीग में पदार्पण किया था, वे अब तक प्रो कबड्डी के 31 मैच खेल चुके है और कुल 306 रेड पॉइंट्स अर्जित किए हैं — यानी औसतन लगभग 10 पॉइंट्स प्रति मैच।
देवांक दलाल ने PKL सीजन 11 में अपने रेडिंग प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। इस सीजन उन्होंने 25 मैच खेलकर सर्वाधिक 301 रेड पॉइंट्स हासिल किए, और सर्वश्रेष्ठ रेडर का पुरस्कार भी जीता। उनकी फुर्ती, टाइमिंग, और रणनीतिक रेडिंग उन्हें एक आधुनिक रेडर का आदर्श उदाहरण बनाते हैं।
यहाँ पढ़े: परदीप नरवाल की पूरी बायोग्राफी और आंकड़े
क्या देवांक बंगाल को दिला पाएंगे दूसरा खिताब?
बंगाल वॉरियर्स, जो 2019 में अपना पहला और अब तक का इकलौता खिताब जीत चुकी है, इस बार अपने दूसरे खिताब की तलाश में मैदान में उतरेगी। टीम की रणनीति साफ है — आक्रामक रेडिंग और संतुलित डिफेंस के जरिए विपक्ष को दबाव में लाना।
यह सवाल अब सभी के मन में कि क्या देवांक बंगाल को दूसरा खिताब दिला पाएंगे। हालांकि दबाव ज़रूर होगा, लेकिन देवांक के प्रदर्शन का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि वे बड़े मौकों पर और निखरते हैं। उनकी अगुवाई में बंगाल की रेडिंग यूनिट को नई धार मिलेगी।
“देवांक इस समय भारत के सबसे गतिशील रेडर्स में से एक हैं। उनकी ऊर्जा, स्पीड और माइंड गेम उन्हें विपक्षी डिफेंडर्स के लिए बड़ा सिरदर्द बनाते हैं।”
— बंगाल वॉरियर्स टीम मैनेजमेंट
टीम के अन्य रेडर्स में हैं:
हिमांशु नारवाल, विश्वास एस, जंग कुन ली, रचित यादव, और ओमिद मोहम्मदशाह। लेकिन प्रमुख जिम्मेदारी देवांक दलाल पर ही होगी।
यहाँ देखें: बंगाल वॉरियर्स टीम 2025: प्लेयर्स लिस्ट, कप्तान और कोच
Pro Kabaddi 2025 की शुरुआत 29 अगस्त से हो रही है, और बंगाल वॉरियर्स मैच के दौरान सभी की निगाहें अब सबसे महंगे भारतीय रेडर — देवांक दलाल पर होंगी। क्या वो साबित करेंगे कि वो सिर्फ कीमत के नहीं, परफॉर्मेंस के भी किंग हैं?
ताज़ा अपडेट्स, विश्लेषण और एक्सक्लूसिव कवरेज के लिए जुड़े रहें KabaddiArena.com के साथ!