प्रदीप नरवाल

प्रदीप नरवाल

FacebookInstagramYoutube

पूरा नाम: परदीप नरवाल

उप नाम: डुबकी किंग, रिकार्ड ब्रेकर

जन्मतिथि: 16-फ़रवरी-1997

जन्म स्थान: सोनीपत, हरियाणा (भारत)

व्यवसाय: कबड्डी खिलाड़ी

रोल: रेडर

वर्तमान टीम : बेंगलुरु बुल्स (रिटायर)

राष्ट्रीयता: 🇮🇳 भारत

रेडिंग आँकड़े

सीजनटीममैचकुल पॉइंट्ससफल रेडरेड पॉइंटसुपर 10sसुपर रेडऔसत रेड पॉइंट्स
2024 (PKL 11)बेंगलुरु बुल्स2011183111355.55
2022-23 (PKL 10)यूपी योद्धास17122103122677.18
2022 (PKL 9)यूपी योद्धास2222016122011910.00
2021 (PKL 8)यूपी योद्धास241881391889127.83
2019 (PKL 7)पटना पाइरेट्स22304234302151513.73
2018 (PKL 6)पटना पाइरेट्स2123318523315611.10
2017 (PKL 5)पटना पाइरेट्स26369271369191814.19
2016 (PKL 4)पटना पाइरेट्स16133100131538.19
2016 (PKL 3)पटना पाइरेट्स16121831165107.73
2015 (PKL 2)बेंगलुरु बुल्स6979011.50
कुल19018108991801881099.48

डिफ़ेंडिंग आँकड़े

प्रदीप नरवाल मुख्य रूप से एक रेडर है और उन्हें डुबकी किंग के नाम से जाना जाता है, उन्होंने प्रो कबड्डी लीग पीकेएल के इतिहास में सबसे अधिक रेड पॉइंट हासिल किए हैं, हालांकि उन्होंने कुछ डिफेंडिंग पॉइंट भी बनाए हैं। यहाँ उनके ओवर-ऑल डिफेंडिंग आंकड़े दिए गए हैं:

आंकड़ामान (Value)
कुल टैकल्स51
सफल टैकल्स7
असफल टैकल्स44
प्रति मैच सफल टैकल्स0.03
टैकल बोनस पॉइंट्स0
सुपर टैकल्स2
हाई 50
टैकल सफलता प्रतिशत (%)13.73%

प्रो कबड्डी में प्रदीप नरवाल के प्रमुख रिकॉर्ड्स:

    • सबसे ज़्यादा रेड पॉइंट्स:
      प्रो कबड्डी लीग के इतिहास में प्रदीप नरवाल सबसे ज़्यादा रेड पॉइंट्स बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने करियर में कुल 190 मैचों में 1810 रेड पॉइंट्स बनाए हैं।

    • एक सीजन में सबसे ज़्यादा रेड पॉइंट्स:
      2017 में प्रो कबड्डी लीग के सीजन 5 में उन्होंने पटना पाइरेट्स की कप्तानी करते हुए कुल 369 रेड पॉइंट्स बनाए, जो अब तक एक रिकॉर्ड है।

    • 1600, 1700 और 1800 रेड पॉइंट्स तक पहुंचने वाले एकलौते खिलाड़ी:
      वह प्रो कबड्डी के इतिहास में 1000 और 1500 रेड पॉइंट्स तक पहुंचने वाले पहले और 1600, 1700 और 1800 रेड पॉइंट्स तक पहुचने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।

    • सबसे ज़्यादा सुपर 10s:
      उन्होंने अब तक 88 सुपर 10s पूरे किए हैं, जो किसी भी खिलाड़ी से सबसे ज़्यादा हैं।

    • सबसे ज़्यादा सुपर रेड्स:
      उन्होंने कुल 82 सुपर रेड्स किए हैं — यानी एक ही रेड में तीन या उससे अधिक डिफेंडर्स को आउट करना।

    • एक रेड में सबसे ज़्यादा पॉइंट्स:
      उन्होंने PKL सीजन 5 में हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ एक ही रेड में 8 पॉइंट्स (6 टच और 2 बोनस) बनाए — यह भी एक रिकॉर्ड है।

    • एक मैच में सबसे ज़्यादा पॉइंट्स:
      एक मैच में सबसे ज्यादा 51 पॉइंट्स बनाए (PKL का रिकॉर्ड)।

    • लगातार 2 MVP खिताब:
      सीजन 4 और 5 में लगातार Most Valuable Player (MVP) का खिताब जीता।

    • लगातार तीन पीकेएल खिताब:
      उन्होंने पटना पाइरेट्स के साथ लगातार तीन बार (सीजन 3, 4 और 5) प्रो कबड्डी लीग का खिताब जीता।


अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियाँ:

    • 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत की विजेता टीम का हिस्सा रहे।

    • 2017 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भारत ने स्वर्ण पदक जीता।

    • 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स में विजेता टीम में शामिल थे।

    • 2018 एशियन गेम्स (जकार्ता) में कांस्य पदक जीता।

    • 2019 साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता।


प्रदीप नरवाल — प्रो कबड्डी लीग (PKL) का वह नाम, जिसे किसी परिचय की ज़रूरत नहीं। ‘डुबकी किंग‘ के नाम से मशहूर इस दिग्गज रेडर ने पीकेएल के इतिहास में सबसे ज़्यादा रेड पॉइंट्स हासिल किए हैं और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उनके दम पर पटना पाइरेट्स ने लगातार तीन बार खिताब जीता, और वे कबड्डी के पोस्टर ब्वॉय बन गए।

---विज्ञापन---

भारत के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप नरवाल को प्रो कबड्डी लीग के सबसे बेहतरीन रेडरों में से एक माना जाता है और उन्होंने अपने खेल से कई युवाओं को प्रेरित किया है। उन्होंने हाल ही में कबड्डी से संन्यास की घोषणा की है, यानि अब वे कबड्डी नहीं खेलेंगे।


प्रारंभिक जीवन

प्रदीप नरवाल का जन्म 16 फरवरी 1997 को हरियाणा के सोनीपत जिले के रिंढाणा गांव में हुआ था। मात्र 6 साल की उम्र से ही उन्होंने कबड्डी खेलना शुरू कर दिया था। शुरुआत में वे गांव और जिले में होने वाले स्थानीय टूर्नामेंटों में भाग लेते थे और वहीं से उनका खेल निखरना शुरू हुआ।

उनकी प्रतिभा पर एयरफोर्स और सर्विसेज टीम के हेड कोच राम मेहर सिंह की नजर पड़ी। उन्होंने प्रदीप को मार्गदर्शन दिया और नेशनल लेवल पर खेलने के लिए तैयार किया। राम मेहर सिंह की कोचिंग में प्रदीप ने भारतीय वायुसेना (Air Force) की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया और चैंपियनशिप जीतकर सबको चौंका दिया


प्रो कबड्डी लीग में प्रदीप की एंट्री और करियर

प्रदीप नरवाल को 2015 में प्रो कबड्डी लीग के दूसरे सीजन में खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने बेंगलुरु बुल्स के साथ डेब्यू किया, उनका पहला मुकाबला पटना पाइरेट्स के खिलाफ था। उस समय टीम में मंजीत छिल्लर जैसे अनुभवी कप्तान और अजय ठाकुर व राजेश मोंडल जैसे स्टार रेडर मौजूद थे। एक नए और युवा खिलाड़ी के रूप में प्रदीप को ज्यादा मौके नहीं मिले, इस सीजन उन्होंने केवल 6 मैच खेलकर 9 पॉइंट्स ही हासिल किए।

पटना पाइरेट्स के साथ असली शुरुआत:

सीजन 3 (2016) में प्रदीप पटना पाइरेट्स से जुड़े, जहाँ उन्होंने असाधारण प्रदर्शन करते हुए खुद को लीग के सबसे बेहतरीन रेडर्स में शामिल कर लिया। यहां उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। उनकी “डुबकी” चाल और फुर्तीले मूव्स विपक्षी डिफेंडरों के लिए एक सिरदर्द बन गए। उन्होंने सीजन 3 में तेलुगु टाइटंस के खिलाफ 24 रेड पॉइंट लेकर एक नया रिकॉर्ड बनाया और कुल 116 रेड पॉइंट्स के साथ सीजन के सर्वश्रेष्ठ रेडर घोषित हुए। उनके प्रदर्शन की बदौलत पटना पाइरेट्स पहली बार चैंपियन बनी।

सीजन 4 में लगातार सफलता:

सीजन 4 में रोहित कुमार के टीम छोड़ने के बाद प्रदीप पटना के मुख्य रेडर बने और इस सीजन में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इस बार वह 131 रेड पॉइंट्स के साथ “मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर” बने। सुरजीत सिंह और राजेश मोंडल के साथ मिलकर उन्होंने पटना को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया।

PKL सीजन 5 – इतिहास रचता सीजन

सीजन 5 (2017) में प्रदीप नरवाल का प्रदर्शन अब तक के प्रो कबड्डी इतिहास का सबसे शानदार माना जाता है। उन्होंने पूरे सीजन में 369 रेड पॉइंट्स, 19 सुपर 10s और एक रेड में रिकॉर्ड 8 पॉइंट्स हासिल किए। हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ उन्होंने प्लेऑफ में 34 रेड पॉइंट्स बनाए, जो अब तक का एकल रेडिंग रिकॉर्ड है। इसके बाद फाइनल में गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स के खिलाफ 19 पॉइंट्स लेकर उन्होंने पटना को लगातार तीसरा खिताब जिताया।

सीजन 6: टीम को झटका, लेकिन प्रदीप का जलवा बरकरार:

सीजन 6 में पटना पाइरेट्स प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी, लेकिन प्रदीप ने फिर भी 233 पॉइंट्स बनाकर सीजन के बेस्ट रेडर बने। सुरेंदर नाडा जैसे अनुभवी डिफेंडर की कमी टीम को महसूस हुई, लेकिन प्रदीप ने अकेले दम पर कई मैचों में टीम को संभाला। पुणेरी पलटन के खिलाफ उन्होंने 26 रेड में 27 पॉइंट्स लेकर सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

सीजन 7: इतिहास रचने वाला पल:

पीकेएल सीजन 7 (2019) में उन्होंने थोड़ी धीमी शुरुआत की लेकिन वे प्रो कबड्डी के इतिहास में 1000 रेड पॉइंट्स पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बने। यह उपलब्धि उन्हें एक लीजेंड की श्रेणी में लाकर खड़ा करती है।

सीजन 8: टीम बदली और बने सबसे महंगे खिलाड़ी:

प्रो कबड्डी लीग के सीजन 8 (2021-22) की नीलामी में यूपी योद्धा ने प्रदीप नरवाल को 1.65 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह अब तक की प्रो कबड्डी लीग के इतिहास की सबसे महंगी बोली थी, जिसने उन्हें लीग का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया। इस रिकॉर्ड तोड़ बोली ने प्रदीप की लोकप्रियता और प्रदर्शन की अहमियत को और भी स्पष्ट कर दिया।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सीजन 8 में, परदीप नरवाल यूपी योद्धास के लिए खेले थे। इस सीजन में उन्होंने 188 अंक बनाए, जिससे यूपी योद्धा सेमीफाइनल में पहुंची थी। हालांकि, सीजन 8 में, वह लीग के शीर्ष 5 रेडर में शामिल होने के लिए संघर्ष करते रहे।

रिकॉर्ड ब्रेकर – 1500 और 1600 पॉइंट्स क्लब

सीजन 9 (2022) में 21 नवंबर को उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ हैदराबाद में खेलते हुए 1500 रेड पॉइंट्स का आंकड़ा पार किया और ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने। इसके अलावा उन्होंने कबड्डी को आगे बढ़ाने के लिए Narwal Sports Academy की स्थापना की। वे इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले कबड्डी खिलाड़ी भी हैं।

सीजन 10 (2023) में उन्होंने 11 दिसंबर को बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ खेलते हुए 1600 रेड पॉइंट्स का आंकड़ा पार किया और यह रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

सीजन 11 रहा उनका आखिरी साल

सीजन 11 (2024) में परदीप नरवाल बेंगलुरु बुल्स के लिए खेले, इस साल उनका प्रदर्शन पिछले सीजनों के मुकाबले काफी निराशाजनक रहा, उन्होंने इस सीजन मात्र 111 पॉइंट्स ही बनाए, हालांकि यह इनका आखिरी सीजन रहा। PKL 2025 की नीलामी में कोई टीम उन्हें नहीं खरीद पाई, जिसके बाद उन्होंने रिटायरमेंट की घोषणा की।


राष्ट्रीय टीम में चयन और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन:

2016 से प्रदीप भारतीय राष्ट्रीय कबड्डी टीम का हिस्सा बने। उन्होंने चार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया, जिनमें से तीन में भारत ने गोल्ड मेडल जीता। हालांकि, 2018 एशियन गेम्स में भारत की जीत की लय टूट गई जब टीम दक्षिण कोरिया से हार गई। बाद में, दुबई में हुए कबड्डी मास्टर्स में प्रदीप फिर से टीम का हिस्सा बने, लेकिन ज्यादा प्रदर्शन का मौका नहीं मिला।


संन्यास की घोषणा

2 जून 2025 को, केवल 28 वर्ष की उम्र में, प्रदीप नरवाल ने कबड्डी से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। 2025 की प्रो कबड्डी नीलामी में उन्हें किसी भी टीम ने नहीं खरीदा, जिसके बाद उन्होंने प्रोफेशनल कबड्डी को अलविदा कह दिया। यह उनके शानदार करियर का अंत था, लेकिन वे भविष्य में युवाओं को प्रशिक्षित कर कबड्डी में योगदान देना जारी रखेंगे।


1. प्रदीप नरवाल की वैवाहिक स्थिति, पत्नी का नाम और शादी की तारीख क्या है?

प्रदीप नरवाल विवाहित हैं। उनकी पत्नी का नाम स्वाति बेनीवाल है और उनकी शादी 9 नवम्बर 2019 को हुई थी।

2. प्रदीप नरवाल के माता-पिता का नाम क्या है?

प्रदीप नरवाल के पिता का नाम धर्मबीर नरवाल है और माता का नाम बीरमती देवी है।


प्रदीप नरवाल वह महान खिलाड़ी है, जिन्होंने कबड्डी को देशभर में लोकप्रिय बनाने का काम किया। इतना ही नहीं मैट पर उनके कारनामों ने लोगों को प्रो कबड्डी देखने पर मजबूर कर दिया। उनके खेल को देखकर हर कोई उनकी सराहना करता नहीं थकता।