
Sagar Rathee injury Update: प्रो कबड्डी लीग सीज़न 12 (PKL 2025) अब अपने दूसरे चरण में पहुंच चुकी है और मुकाबले अब जयपुर, राजस्थान (सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम) में खेले जा रहे हैं। पहले चरण में विशाखापत्तनम की ज़मीन पर जहाँ कुछ टीमें अपने संतुलित कॉम्बिनेशन के साथ लय में आ चुकी हैं, वहीं तमिल थलाइवाज़ उन टीमों में से एक नहीं रही है जिन्हें अभी तक अपनी सही लय मिल पाई हो।
टीम के कमजोर प्रदर्शन के बीच अब एक और बड़ा सवाल उठ रहा है – सागर राठी आखिर क्यों नहीं खेल रहे हैं? तमिल थलाइवाज़ के इस स्टार डिफेंडर को लेकर अफवाहों का बाज़ार गर्म था, लेकिन अब फ्रेंचाइज़ी ने खुद आगे आकर इसपर सफाई दी है।
सागर राठी की इंजरी पर तमिल थलाइवाज ने दिया अपडेट
शनिवार शाम को तमिल थलाइवाज़ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बयान जारी करते हुए कहा है –
“सागर फिलहाल अपनी चोट से पूरी तरह से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। जैसे ही वह पूरी तरह से फिट होंगे, वह टीम में दोबारा शामिल होंगे।”
यह साफ कर दिया गया है कि सागर की अनुपस्थिति का कारण कोई रणनीतिक निर्णय या अनुशासनात्मक मामला नहीं, बल्कि पूरी तरह से चोट और रिकवरी है।
यहाँ देखें: प्रो कबड्डी 2025 में अब नहीं खेलेंगे पवन सहरावत? तमिल थलाइवाज ने बताई वजह
सागर राठी: थलाइवाज़ के डिफेंस की रीढ़
पिछले सीज़न में सागर राठी को तमिल थलाइवाज़ की कप्तानी सौंपी गई थी। अपनी बेहतरीन डिफेंसिव स्किल्स और नेतृत्व क्षमता के चलते उन्होंने टीम को कई मौकों पर मजबूती दी थी। लेकिन दुर्भाग्यवश, चोट के कारण वो लगभग पूरा सीज़न ही बाहर बैठे रहे।
इस बार सीज़न 12 की शुरुआत से पहले उम्मीद थी कि सागर पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे, और टीम के डिफेंस को फिर से मज़बूती देंगे। टीम ने उन्हें रिटेन भी किया। लेकिन अब सामने आया है कि सागर की चोट अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है।
टीम पर क्या पड़ेगा असर?
हालांकि सागर ने अभी तक PKL 12 में सिर्फ एक ही मैच खेला है, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी का असर टीम के डिफेंस पर जरूर पड़ सकता है। सागर जैसे अनुभवी और आक्रामक डिफेंडर की मौजूदगी किसी भी टीम की डिफेंसिव स्ट्रेंथ को एक नया आयाम देती है।
तमिल थलाइवाज़ ने पहले चरण में तीन में से दो मैच गंवाए थे। हालांकि दूसरे चरण की शुरुआत उन्होंने शानदार तरीके से की है – बंगाल वॉरियर्स को हराकर। इस जीत में रेडिंग के मोर्चे पर अर्जुन देशवाल और नरेंद्र कंडोला ने बेहतरीन तालमेल दिखाया, वहीं डिफेंस में नितेश कुमार, आशीष और रोनक की तिकड़ी ने बेहतरीन टैकल्स कर टीम को जीत दिलाई।
लेकिन ये भी एक सच्चाई है कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, टीम को और गहराई की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में सागर राठी की वापसी टीम को और ज्यादा संतुलन दे सकती है।
यहाँ देखें: PKL 2025: योगेश दहिया बने बेंगलुरु बुल्स के नए कप्तान, अंकुश राठी का क्या हुआ?
तमिल थलाइवाज के लिए अब आगे क्या?
तमिल थलाइवाज़ के पास कागज़ों पर एक मजबूत टीम है। लेकिन इस मजबूती को मैदान पर दिखाने के लिए फिटनेस, लय और टीम कॉम्बिनेशन – तीनों का एक साथ चलना जरूरी है। सागर की वापसी कब होगी, इसका अभी कोई निश्चित समय नहीं बताया गया है, लेकिन टीम के बयान से साफ है कि उन्हें जल्दबाज़ी नहीं करनी है और वे सागर की 100% फिटनेस के बाद ही उन्हें वापसी करने देंगे।
क्या वापसी होगी धमाकेदार?
सागर राठी कब लौटेंगे, ये सवाल हर तमिल थलाइवाज़ फैन के मन में है। लेकिन अच्छी बात यह है कि टीम ने स्थिति साफ कर दी है और फैंस को अफवाहों में उलझने की जरूरत नहीं है। यदि सागर पूरी तरह फिट होकर लौटते हैं, तो ये निश्चित रूप से तमिल थलाइवाज़ की डिफेंस को एक नया रूप देगा – और शायद टीम के टूर्नामेंट में वापसी की शुरुआत भी वहीं से हो।









