
गुरुवार, 11 सितंबर 2025 को प्रो कबड्डी लीग (PKL) सीजन 12 का पहला चरण, यानी विजाग लेग (विशाखापट्टनम लेग) शानदार अंदाज़ में समाप्त हुआ। इस पहले चरण में सभी 12 टीमों ने मैट पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की और सीज़न की मजबूत शुरुआत करने के लिए जोर लगाया। हालांकि एक तरफ जहां कुछ टीमों के लिए यह चरण बेहद शानदार रहा, तो वहीं कुछ को अब तक लय तलाशनी बाकी है।
आइए प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के विशाखापट्टनम लेग के सभी मैच समाप्त होने के बाद टीमों की स्थिति टॉप रेडर, डिफेंडर तथा सबसे ज्यादा पॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
विज़ाग में किसने किया धमाका और कौन रहा फीका?
आंकड़ो पर नजर डाले तो दबंग दिल्ली, पुणेरी पलटन, यू मुंबा, तेलुगु टाइटंस, जयपुर पिंक पैंथर्स, यूपी योद्धा और हरियाणा स्टीलर्स के लिए यह चरण बेहद अच्छा रहा तो वही गुजरात जायंट्स, बंगाल वॉरियर्स, पटना पाइरेट्स और तमिल थलाइवास के लिए यह थोड़ा निराशाजनक रहा।
दरअसल PKL 2025 के पहले चरण में दबंग दिल्ली पूरी तरह से हावी रही। उन्होंने अपने सभी 5 मैचों में जीत दर्ज करते हुए पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उनके कप्तान आशु मलिक ने इस सफलता में बड़ी भूमिका निभाई।
इसके उलट गुजरात जायंट्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने 5 में से सिर्फ 1 मैच जीता और -23 पॉइंट डिफरेंस के साथ अंतिम स्थान पर बने हुए हैं। टीम को काफी सुधार की जरूरत है।
PKL 12 टीम स्टैंडिंग – विजाग लेग के बाद
यहां देखिए पहले चरण में समापन के बाद सभी टीमों की स्टैंडिंग:
रैंक | टीम | खेले | जीते | हारे | पॉ.डि | पॉइंट्स |
---|---|---|---|---|---|---|
1 | दबंग दिल्ली के.सी. | 5 | 5 | 0 | 29 | 10 |
2 | पुनेरी पलटन | 6 | 4 | 2 | 31 | 8 |
3 | यू मुंबा | 6 | 4 | 2 | 16 | 8 |
4 | तेलुगु टाइटन्स | 5 | 3 | 2 | 15 | 6 |
5 | जयपुर पिंक पैंथर्स | 4 | 2 | 2 | -3 | 4 |
6 | यूपी योद्धा | 4 | 2 | 2 | -8 | 4 |
7 | हरियाणा स्टीलर्स | 4 | 2 | 2 | -12 | 4 |
8 | बेंगलुरु बुल्स | 5 | 2 | 3 | -12 | 4 |
9 | पटना पाइरेट्स | 5 | 1 | 4 | -4 | 2 |
10 | तमिल थलाइवाज | 3 | 1 | 2 | -9 | 2 |
11 | बंगाल वॉरियर्स | 4 | 1 | 3 | -20 | 2 |
12 | गुजरात जायंट्स | 5 | 1 | 4 | -23 | 2 |
PKL 2025 विजाग लेग के टॉप रेडर: आशु मलिक (दबंग दिल्ली)
प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के पहले चरण के समापन के बाद दबंग दिल्ली के आशु मलिक 75 रेड पॉइंट्स के साथ फिलहाल नंबर वन रेडर है। उन्होंने इस सीजन सबसे ज्यादा 59 सफल रेडस को अंजाम दिया है। आशु सर्वाधिक पॉइंट्स हासिल करने वाले खिलाड़ी भी है, वे अब तक अपने 5 मैचों में 76 पॉइंट्स ले चुके है।
PKL 2025 विजाग लेग के टॉप डिफेंडर: गौरव खत्री (पुणेरी पलटन)
विजाग लेग के समाप्त के बाद सबसे अधिक 18 सफल टैकल्स करने वाले पुणेरी पलटन के दमदार डिफेंडर गौरव खत्री 19 टैकल प्वाइंट्स के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनके अलावा दिग्गज डिफेंडर फजल अत्राचली, गुरदीप और सुमित सांगवान भी इस रेस में शामिल है।
यहाँ देखें: प्रो कबड्डी 2025: टॉप रेडर, डिफेंडर और सबसे ज्यादा पॉइंट वाले खिलाड़ी
PKL मैनेजमेंट का क्या कहना है?
अनूपम गोस्वामी (बिज़नेस हेड, मशल स्पोर्ट्स) ने कहा:
“इस सीजन में टाई-ब्रेकर्स और गोल्डन रेड्स जैसे नए नियमों ने रोमांच को नई ऊंचाई दी है। युवा खिलाड़ी 30% से अधिक पॉइंट्स ला रहे हैं – यह लीग के भविष्य के लिए बेहतरीन संकेत हैं।”
प्रो कबड्डी लीग 2025 में अब आगे क्या?
PKL 2025 अब अपने दूसरे चरण के लिए जयपुर की ओर बढ़ रहा है। यह चरण 12 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक सवाई मान सिंह स्टेडियम (SMS Indoor Hall), जयपुर में खेला जाएगा। जयपुर लेग की शुरुआत घरेलू टीम जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरु बुल्स के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबले से होगी, जो 12 सितंबर की रात 8 बजे खेला जाएगा।
जयपुर आखिरी बार जनवरी 2024 में प्रो कबड्डी की मेज़बानी कर चुका है, और एक बार फिर यह शहर कबड्डी के जोश से सराबोर होने वाला है।
यहाँ देखें: प्रो कबड्डी 2025: विजाग के बाद अब जयपुर में होगा धमाल, देखें दुसरे चरण का पूरा शेड्यूल
PKL 2025 का विजाग लेग कई मायनों में खास रहा – युवा खिलाड़ियों का उदय, रोमांचक मुकाबले और बड़े उलटफेर। जहां दिल्ली ने अपनी ताकत दिखाई, वहीं कुछ टीमें अब नई शुरुआत की तलाश में हैं।
क्या जयपुर लेग में हमें कोई नया टेबल टॉपर देखने को मिलेगा? क्या गुजरात वापसी कर पाएगा? जवाब जानने के लिए जुड़े रहें प्रो कबड्डी लीग 2025 के साथ!